पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजद नेता शरद यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि शरद यादव की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उन्हें अस्पताल के आईसीयू वार्ड में रखा गया है। अस्पताल के डॉक्टर यादव की हर पल की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
शरद यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद उनका कोरोना टेस्ट भी कराया गया है। हालांकि उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है। मंगलवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट सामने आई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को उनकी स्थिति कुछ ठीक थी और बुधवार को उन्हें अस्पताल से कमरे में शिफ्ट किया जाना था। इसी बीच डॉक्टरों ने जब यादव के स्वास्थ्य की जांच की तो उनकी स्थिति फिर से बिगड़ गयी। स्थिति बिगड़ता देख उन्हें फिर से आईसीयू में भर्ती कराया गया।
बता दें कि शरद यादव की उम्र 75 वर्ष है। शरद यादव पहले जदयू में थे और काफी लंबे समय तक राज्यसभा सांसद रहे। हालांकि हाल के वर्षों में जदयू से वे अलग हो गए। जिसके बाद शरद यादव राजद में शामिल हो गए। वे बिहार की राजनीति के धुरी रहे हैं। एक समय था जब उन्होंने मधेपुरा में लालू यादव को पटकनी दी थी। फिलहाल वे राजद में हैं।
राजद नेता शरद यादव एक समय में नीतीश कुमार के काफी नजदीकी रहे थे। वे जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। हालांकि बाद में नीतीश कुमार के साथ वैचारिक मतभेद के बाद उन्होंने जदयू को अलविदा कह दिया। उनके समर्थकों में मायूसी छाई है। समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ। लेटेस्ट न्यूज के लिए हन्ट आई न्यूज के होमपेज पर जाएं। आप हमें फेसबुक, पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब कर सकते हैं।