लखनऊ। महाराष्ट्र के पालघर में दो साधुओं और उसके ड्राइवर की हत्या के बाद यूपी के बुलंदशहर में भी दो साधुओं की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि दोनों साधु गांव के शिवमंदिर में सो रहे थे। सोते वक्त ही दोनों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बुलंदशहर के पगोना गांव में घटना के अंजाम दिया गया। आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार, यूपी के बुलंदशहर में अनूपशहर कोतवाली के पगोना गांव में घटना को अंजाम दिया गया। पगोना गांव में एक शिव मंदिर है। शिव मंदिर में दो साधु रहते थे। दोनों साधु सोमवार रात को मंदिर परिसर में ही सो रहे थे। सोते वक्त ही दोनों की हत्या कर दी गई।
साधुओं की हत्या की जानकारी के बाद भारी संख्या में ग्रामीण शिव मंदिर पहुंचे। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने 55 वर्षीय साधु जगनदास और 35 वर्षीय साधु सेवादास का शव खून से लथपथ देखा। ग्रामीणों ने शक के आधार पर एक आरोपी को पीटा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के बाद बुलंदशहर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि कुछ दिन पहले आरोपी ने साधुओं के चिमटा को छीन लिया था। जिसके बाद साधुओं ने उसे डांटा था। साधुओं के डाटने से नाराज आरोपी ने दोनों साधुओं की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि इससे महाराष्ट्र में भी दो साधुओं और उसके ड्राइवर की हत्या कर दी गई थी। दोनों साधुओं की हत्या के वक्त पुलिस भी मौजूद थी। मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया था। महाराष्ट्र में यह घटना बीते 16 अप्रैल की रात को हुई थी। ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के शक के आधार पर दोनों साधुओं की बुरी तरह से पिटाई की थी। जिसके बाद दोनों साधुओं की अस्पताल में मौत हो गई थी।



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ। लेटेस्ट न्यूज के लिए हन्ट आई न्यूज के होमपेज पर जाएं। आप हमें फेसबुक, पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब कर सकते हैं।